आंगनबाड़ी केंद्रों में परिजनों का मिलन-सम्मान समारोह एवं पोषण बैठक का आयोजन
स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के प्रति जागरूक सक्रिय लाभार्थियों को आभार पत्र; सेविकाएं गर्भवती, धात्री महिलाओं और नवजातों के स्वास्थ्य पर रख रहीं नजर
कटिहार, 29 सितंबर। मंगलवार को जिले के अंतर्गत संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर “आंगन का मिलन” कार्यक्रम के तहत सम्मान समारोह एवं पोषण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, लाभार्थियों और ग्रामीण जनसमुदाय को आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं के सहयोग से उपस्थित लाभार्थियों के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित योजनाओं तथा विभिन्न गतिविधियों पर सामूहिक चर्चा की गई।
आईसीडीएस डीपीओ कुमारी पूर्णिमा ने बताया कि कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सेविकाओं एवं सहायिकाओं को समुदाय स्तर पर किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करने वाले सक्रिय लाभार्थियों को भी आभार पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय स्तर पर सामूहिक सहयोग मिल रहा है, जिससे विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिल रही है।
डीपीओ कुमारी पूर्णिमा ने कहा कि क्षेत्र की सभी गर्भवती, धात्री महिलाओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सेविकाओं द्वारा नियमित क्षेत्र भ्रमण किया जाता है। इस दौरान मां और शिशु के स्वास्थ्य से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी ली जाती है। यदि किसी लाभार्थी में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाई जाती है, तो उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा जाता है, ताकि समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि समय-समय पर एएनएम द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही लाभार्थियों की जांच और टीकाकरण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जरूरत के अनुसार सामान्य चिकित्सकीय सहायता भी प्रदान की जाती है, जिससे लाभार्थी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें