हमें फॉलो करें : fX ▶◎
Raj Times Logo
राज टाइम्स — जन सरोकार का पैरोकार
ब्रेकिंग न्यूज़
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...
--:--

अररिया/बिहार : उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा का किया औपचारिक निरीक्षण, सीमा चौकी पूर्वीटोला में किया रात्रि विश्राम

 



बथनाहा (अररिया)। क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, पूर्णिया के उप-महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ ने 9 और 10 अक्टूबर 2026 को 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा का औपचारिक निरीक्षण किया। इस मौके पर वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री नितिन कुमार गुप्ता ने उप-महानिरीक्षक को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद शस्त्रागार में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रागार, परिवहन पार्क, अधिकारी मेस, अधीनस्थ अधिकारी मेस, जवान मेस और बैरकों का जायजा लिया। वाहिनी कार्यालय की सभी शाखाओं का भी निरीक्षण किया और सुधार के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों और शाखा प्रभारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें कई बिंदुओं पर निर्देश दिए गए।

फुटबॉल मैच और प्रशिक्षण का निरीक्षण

उप-महानिरीक्षक की उपस्थिति में बिहार पुलिस के प्रशिक्षुओं और सशस्त्र सीमा बल के जवानों के बीच रोमांचक फुटबॉल मैच खेला गया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने वाहिनी मुख्यालय में चल रहे बिहार पुलिस प्रशिक्षुओं के प्रशिक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।

सीमा चौकी पूर्वीटोला का औचक निरीक्षण
वाहिनी के कार्यक्षेत्र में आने वाली सीमा चौकी पूर्वीटोला का उन्होंने रात में औचक निरीक्षण किया। जवानों को सीमा प्रबंधन से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए, उनके साथ रात्रि भोजन किया और चौकी पर ही रात्रि विश्राम किया।

सैनिक सम्मेलन और बड़ा खाना
10 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सशस्त्र सीमा बल के प्रेरणादायक शीर्षक गीत से हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप-महानिरीक्षक ने सभी बल कार्मिकों को सीमा प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं, शारीरिक और मानसिक फिटनेस तथा अनुशासन के बारे में निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से उत्साहवर्धक संवाद भी किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इसके बाद वाहिनी मुख्यालय में 'बड़ा खाना' का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बल कार्मिकों ने एक साथ भोजन किया। इस अवसर पर उप-महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ के साथ वाहिनी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बल कार्मिक उपस्थित रहे।

चम्पावत: पंचम वाहिनी एसएसबी ने पासम में चलाया नशा मुक्त अभियान, स्कूलों को बांटी खेल सामग्री

विजेताओं को सम्मानित करते एसएसबी कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम।

चम्पावत। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), चम्पावत की ओर से कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम के नेतृत्व में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत वाइब्रेंट ग्राम पासम में नशा मुक्त अभियान एवं खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों से नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों और ग्रामीणों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच भाषण, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीमा चौकी कुश्मतघाट के कार्यक्षेत्र में आने वाले स्कूलों के लिए विभिन्न खेल सामग्री भी वितरित की गई।

एसएसबी की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों और ग्रामीणों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।