हमें फॉलो करें : fX ▶◎
Raj Times Logo
राज टाइम्स — जन सरोकार का पैरोकार
ब्रेकिंग न्यूज़
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...
--:--

बिहार : सुपौल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और अतिथियों का सामूहिक चित्र। फोटो: माय भारत सुपौल
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और अतिथियों की सामूहिक तस्वीर

सुपौल। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को सुपौल टाउन हॉल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। माय भारत सुपौल की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमता का उपयोग सकारात्मक तथा रचनात्मक कार्यों में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

**लोकगीत, नृत्य और चित्रकला में दिखी प्रतिभा**

प्रतियोगिता में लोकगीत, नृत्य, गायन, चित्रकला, स्लोगन लेखन और निबंध लेखन समेत कई विधाओं में आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ अन्य प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतिभागियों के मूल्यांकन के लिए विभिन्न सरकारी विद्यालयों के संबंधित विषयों में दक्ष शिक्षकों को निर्णायक बनाया गया। निर्णायकों ने प्रस्तुति, रचनात्मकता, विषय की समझ और अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

**युवा शक्ति को नशामुक्त समाज का संदेश**

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी वसीम अकरम और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तालेश्वर पटेल उपस्थित रहे। माय भारत चयन समिति के सदस्य गिरीश और मिथिलेश तथा पूर्व चयन समिति सदस्य सुरेश और सुमन ने भी भाग लिया।

आयोजकों ने जिला प्रशासन, सुपौल तथा शिक्षा विभाग को आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही विद्यालयों के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से नशामुक्त समाज और विकसित भारत का संकल्प मजबूत हो सकता है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ उनकी प्रतिभा को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देना था।