हमें फॉलो करें : fX ▶◎
Raj Times Logo
राज टाइम्स — जन सरोकार का पैरोकार
ब्रेकिंग न्यूज़
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...
--:--

Bihar : सुपौल मंडल कारा का CJM व DLSA सचिव ने किया निरीक्षण; बंदियों की विधिक सहायता और सुविधाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान CJM राम चंद्र प्रसाद, डीएलएसए सचिव अमित गौरव एवं अन्य अधिकारी।

सुपौल, 29 सितंबर 2026। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राम चंद्र प्रसाद और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सचिव अमित गौरव ने मंगलवार को मंडल कारा, सुपौल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए, सुपौल राजेश कुमार बच्चन के निर्देशानुसार किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनके मुकदमों की स्थिति, विधिक सहायता की उपलब्धता और व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी ली। विशेष रूप से उन बंदियों की स्थिति पर ध्यान दिया गया, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अपने लिए अधिवक्ता नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं। पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मंडल कारा के रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित कारा पदाधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में निर्देश दिए गए।

इसके बाद कारा अस्पताल का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आवश्यकतानुसार बंदियों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और बंदियों के कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। डीएलएसए सचिव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पात्र बंदियों को समय पर प्रभावी विधिक सहायता मिले और किसी बंदी को केवल आर्थिक असमर्थता के कारण न्याय प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अनुसार, यह निरीक्षण माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में बंदियों के अधिकारों, कल्याण एवं न्याय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।