कटिहार/बिहार : सदर अस्पताल में क्लबफुट बच्चों के लिए विशेष ओपीडी, हर बुधवार मुफ्त इलाज
![]() |
| विशेष उपचार अभियान से जुड़े लाभार्थी परिवार |
कटिहार। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से कटिहार सदर अस्पताल में जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर यानी क्लबफुट की समस्या से जूझ रहे बच्चों के लिए विशेष ओपीडी सुविधा शुरू की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कम उम्र में उपचार शुरू करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं और कई बच्चों को भविष्य की दिव्यांगता से बचाया जा सकता है।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दो साल तक के बच्चों की हड्डियां अपेक्षाकृत लचीली होती हैं। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ की निगरानी में प्लास्टर आधारित उपचार से पैर को धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लाने की बेहतर संभावना रहती है और कई मामलों में जटिल सर्जरी से बचा जा सकता है। संबंधित बच्चों की पहचान और रेफरल के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यरत आरबीएसके टीम को जोड़ा गया है।
सोमवार को कटिहार जिले के क्लबफुट से प्रभावित आठ बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। आवश्यक विशेषज्ञ उपचार और शल्य चिकित्सा के लिए इन बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस से किशनगंज सदर अस्पताल भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाई जाए। प्रत्येक बुधवार को सदर अस्पताल, कटिहार में क्लबफुट से संबंधित बच्चों की जांच और उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। अभिभावक अपने प्रखंड की आरबीएसके टीम से संपर्क कर बच्चों को इस सुविधा से जोड़ सकते हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत कटे होंठ और तालु वाले बच्चों का भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क इलाज कराया जा रहा है। ऐसे बच्चों के अभिभावक आरबीएसके टीम से संपर्क कर सकते हैं। टीम द्वारा बच्चों को आवश्यकतानुसार नजदीकी जिले के प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह, जिला अस्पताल के उपाधीक्षक, डीईआईसी के प्रतिनिधि, प्रबंधक, आरबीएसके चिकित्सक डॉ. प्रशांत कुमार झा, आरबीएसके टीम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
