हमें फॉलो करें : fX ▶◎
Raj Times Logo
राज टाइम्स — जन सरोकार का पैरोकार
ब्रेकिंग न्यूज़
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...
--:--

बिहार : ABDM के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सुपौल में जिला स्तरीय बैठक, डीएम ने समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश

 कार्यों की समीक्षा करते जिलाधिकारी सावन कुमार।

सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कन्वर्जेंस बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रमुख घटकों, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ABHA ID के निर्माण एवं उपयोग, स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों के डिजिटल पंजीकरण तथा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ABDM के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन तक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने और विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत चल रहे कार्यों और प्रगति की जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने इन कार्यों की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

कटिहार/बिहार : सदर अस्पताल में क्लबफुट बच्चों के लिए विशेष ओपीडी, हर बुधवार मुफ्त इलाज

विशेष उपचार अभियान से जुड़े लाभार्थी परिवार

 कटिहार। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से कटिहार सदर अस्पताल में जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर यानी क्लबफुट की समस्या से जूझ रहे बच्चों के लिए विशेष ओपीडी सुविधा शुरू की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कम उम्र में उपचार शुरू करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं और कई बच्चों को भविष्य की दिव्यांगता से बचाया जा सकता है।


सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दो साल तक के बच्चों की हड्डियां अपेक्षाकृत लचीली होती हैं। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ की निगरानी में प्लास्टर आधारित उपचार से पैर को धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लाने की बेहतर संभावना रहती है और कई मामलों में जटिल सर्जरी से बचा जा सकता है। संबंधित बच्चों की पहचान और रेफरल के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यरत आरबीएसके टीम को जोड़ा गया है।

सोमवार को कटिहार जिले के क्लबफुट से प्रभावित आठ बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। आवश्यक विशेषज्ञ उपचार और शल्य चिकित्सा के लिए इन बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस से किशनगंज सदर अस्पताल भेजा गया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाई जाए। प्रत्येक बुधवार को सदर अस्पताल, कटिहार में क्लबफुट से संबंधित बच्चों की जांच और उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। अभिभावक अपने प्रखंड की आरबीएसके टीम से संपर्क कर बच्चों को इस सुविधा से जोड़ सकते हैं।

सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत कटे होंठ और तालु वाले बच्चों का भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क इलाज कराया जा रहा है। ऐसे बच्चों के अभिभावक आरबीएसके टीम से संपर्क कर सकते हैं। टीम द्वारा बच्चों को आवश्यकतानुसार नजदीकी जिले के प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह, जिला अस्पताल के उपाधीक्षक, डीईआईसी के प्रतिनिधि, प्रबंधक, आरबीएसके चिकित्सक डॉ. प्रशांत कुमार झा, आरबीएसके टीम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

पूर्णिया: निक्षय मित्र योजना के तहत 27 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित



पूर्णिया, 26 सितंबर। जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना के तहत शनिवार को पूर्णिया जिले के डगरुआ प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 27 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया के निर्देश पर जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद तनवीर हैदर के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजी चंचल समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

दवा के साथ पौष्टिक आहार जरूरी

जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद तनवीर हैदर ने कहा कि टीबी से स्वस्थ होने के लिए नियमित दवा के साथ पौष्टिक और संतुलित आहार लेना भी आवश्यक है। उन्होंने मरीजों से उपचार के दौरान दवा नियमित रूप से लेने तथा स्वास्थ्यकर्मियों के संपर्क में बने रहने की अपील की।

सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजी चंचल ने मरीजों को टीबी रोग, उसके उपचार और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र मरीजों से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम को सफल बनाने में डीपीएस राजेश शर्मा, बीएचएम अविनाश कुमार, बीसीएम बंदना कुमारी, सहयोगी कर्मी राजनाथ झा, लिपिक दिलीप चौधरी, लेखापाल विनोद कुमार, मो. साकिब, एसटीएस पूजा कुमारी और जयप्रकाश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण सहयोग उपलब्ध कराना और जनभागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत करना है।