बिहार : सुपौल डीएम ने शिक्षा योजनाओं की निगरानी व विद्यालय निरीक्षण तेज करने के दिए निर्देश
![]() |
| बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारी। |
सुपौल। जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला कार्यकारिणी समिति, बिहार शिक्षा परियोजना, सुपौल सावन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को बिहार शिक्षा परियोजना (शिक्षा विभाग) की कार्यकारिणी समिति की बैठक समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग अपने स्तर से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों तथा प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यालयों का लगातार निरीक्षण और अनुश्रवण करने को कहा गया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान समय-सारणी के अनुसार वर्गकक्षों का संचालन, पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यालय परिसर, वर्गकक्ष और शौचालय की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने मॉडल विद्यालयों में अपनाए जा रहे Lesson Plan की तर्ज पर अन्य सरकारी विद्यालयों में भी Lesson Plan को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा, डायट के प्राचार्य, शिक्षक प्रतिनिधि, लेखा पदाधिकारी, बिहार शिक्षा परियोजना के संभाग प्रभारी सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

