हमें फॉलो करें : fX
Raj Times Logo
राज टाइम्स — जन सरोकार का पैरोकार
ब्रेकिंग न्यूज़
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...
--:--

भोपाल किसान आंदोलन : किसानों का आंदोलन तेज, मूंग की 100% MSP खरीद की मांग पर डटे किसान


भोपाल, 29 जुलाई 2026 | राज टाइम्स

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मूंग की 100 प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद, समय पर भुगतान और कृषि से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर हजारों किसान राजधानी में प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि कुछ स्कूलों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेतृत्व में नर्मदापुरम से भोपाल पहुंचे किसान वीर सावरकर सेतु के पास डेरा डाले हुए हैं। किसानों का कहना है कि प्रदेश में मूंग की पूरी उपज MSP पर खरीदी जाए और खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का समाधान किया जाए।

किसानों की प्रमुख मांगों में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद, भुगतान में देरी समाप्त करना, ई-टोकन व्यवस्था की समस्याओं का समाधान, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा कृषि संबंधी अन्य सुविधाओं में सुधार शामिल हैं। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन के चलते भोपाल के कई क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है तथा कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।

इस बीच मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है। राज्य सरकार का कहना है कि इस वर्ष मूंग उत्पादन अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में किसानों को MSP का लाभ दिलाने के लिए खरीद सीमा बढ़ाना आवश्यक है।

किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


#मध्यप्रदेश #भोपाल #किसान_आंदोलन #MSP #मूंग_खरीदी #कृषि_समाचार #MPNews #BhopalNews #BreakingNews #FarmerProtest

बिहार में मानसून का असर तेज, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; निचले इलाकों में जलभराव की आशंका

पटना, बिहार: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के कई जिलों में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए चेतावनी जारी की है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क अवरोध और यातायात प्रभावित होने की आशंका बढ़ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय तंत्र और सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों के कारण बिहार सहित पूर्वी भारत के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। राज्य के उत्तर और मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

संभावित भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है।

नदियों के जलस्तर पर भी नजर

बिहार देश के सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित राज्यों में से एक माना जाता है। मानसून के दौरान कोसी, गंडक, बागमती, बूढ़ी गंडक और महानंदा जैसी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। लगातार बारिश की स्थिति में नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ सकती हैं।

किसानों के लिए राहत, लेकिन सतर्कता जरूरी

बारिश से धान और अन्य खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे कृषि कार्यों को गति मिलेगी। हालांकि अत्यधिक वर्षा की स्थिति में खेतों में पानी भरने और फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना भी बनी रहती है। ऐसे में कृषि विशेषज्ञ किसानों को जलनिकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं।

लोगों के लिए सलाह

  • जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
  • बिजली के खंभों और खुले तारों से दूरी बनाए रखें।
  • बच्चों को नालों और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाने दें।
  • मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
  • आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।


बिहार में सक्रिय मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जहां एक ओर यह वर्षा किसानों के लिए राहत लेकर आएगी, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों का खतरा भी बढ़ा सकती है। प्रशासन ने एहतियात बरतने और सतर्क रहने की अपील की है।

सुपौल : राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए DLSA की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित


सुपौल, 04 दिसंबर 2025  

माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सुपौल श्री अनंत सिंह की अध्यक्षता में आज जिला न्यायालय परिसर में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई।


बैठक का मुख्य उद्देश्य 13 दिसंबर 2025 को व्यवहार न्यायालय सुपौल तथा अनुमंडल न्यायालय बीरपुर में आयोजित होने वाली वर्ष 2025 की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत को अभूतपूर्व सफल बनाना था। इस मौके पर बैंकों के लंबित ऋण वसूली मामलों और मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) के मामलों को अधिकतम संख्या में निपटारे के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।


अध्यक्ष श्री अनंत सिंह ने सभी बैंक प्रबंधकों व अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक मामलों को आपसी समझौते से सुलझाकर लोक अदालत में निस्तारित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके तथा विशेष रूप से वाहन दुर्घटना पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान की जा सके।


बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अफजल आलम, सुपौल अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री नागेंद्र ठाकुर, MACT के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री शीलभद्र सिंह, श्री राजेश कुमार सिंह सहित जिले के सभी प्रमुख बैंकों; भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया एवं अन्य बैंकों के प्रबंधकगण उपस्थित रहे।


अधिवक्ताओं व बैंक प्रतिनिधियों ने लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निपटारे हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस बैठक से यह उम्मीद जगी है कि 13 दिसंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड संख्या में मामले निस्तारित होंगे और न्याय के इंतजार में बैठे सैकड़ों लोगों को एक ही दिन में राहत मिलेगी।


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों को लोक अदालत में सुलझाने के लिए आगे आएं तथा शीघ्र व सस्ता न्याय का लाभ उठाएं।

तीन सप्ताह के प्रशिक्षण पश्चात जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अब संभालेंगे जिला


पटना। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों के लिए आयोजित तीन-सप्ताहीय विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन दशरथ माँझी श्रम नियोजन अध्ययन संस्थान, पटना में सम्पन्न हुआ।

   समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन द्वारा हुआ, जिसका उद्घाटन अपर मुख्य सचिव, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, श्रीमती एन. विजयलक्ष्मी एवं विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।


   अपने संबोधन में श्रीमती विजयलक्ष्मी ने सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि अब राज्य के दूर-दराज क्षेत्रों की सांस्कृतिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगी। उन्होंने लोक परंपरा और शास्त्रीय कलाओं के समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया और आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक विरासत हस्तांतरित करने की प्रेरणा दी।

   विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीन सप्ताह की गहन प्रशिक्षण अवधि के बाद निश्चित रूप से उनके ज्ञान में व्यापक वृद्धि हुई होगी, जो जिला स्तर पर विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।

   समारोह में सभी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए। प्रशिक्षुओं द्वारा समूहों में प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों का प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया गया। मुंगेर की सुश्री सुकन्या ने "कलाओं के माध्यम से युवाओं को जोड़ना", पटना की सुश्री कीर्ति आलोक ने "बदलते परिवेश में संग्रहालय की भूमिका", दरभंगा के श्री चंदन ने "फिल्मों के माध्यम से सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास", सुश्री रिचा वर्मा ने "बिहार की लोक संगीत: संरक्षण से नवाचार तक" और श्री श्याम ने "हर घर एक कला" विषयों पर प्रभावी प्रस्तुतियाँ दीं।


   इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य निदेशक श्रीमती रुबी ने भी पदाधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब यह प्रशिक्षित अधिकारी आत्मविश्वास के साथ जिले में विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करेंगे।

   गौरतलब है की यह प्रशिक्षण 19 मई से 06 जून 2025 तक चला।  इसका उद्देश्य बिहार के विभिन्न जिलों के जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारियों को प्रशासनिक, सांस्कृतिक एवं तकनीकी दक्षताओं से सुसज्जित करना है।

  अधिकारियों को विभागीय योजनाओं, कलाओं के संरक्षण, प्रशासनिक जिम्मेदारियों तथा    सांस्कृतिक नेतृत्व के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।

   इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (ठरऊ), ऐउउ कोलकाता, ककफठर नासिक, संग्रहालय निदेशालय, एवं अन्य प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, कार्यशालाएं तथा संवाद सत्र आयोजित किए गए।



   मुजफ्फरपुर की जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुश्री सुष्मिता ट्रेनिंग के दौरान अपने अनुभव   साझा करते हुए बताती है इस ट्रेनिंग ने हमें आत्मविश्वास से भर दिया है तथा विशेष होने का अनुभव कराया है। पूरे देश से विशेषज्ञ हमें पढ़ने के लिए आए उनके अनुभवों से हमें बहुत लाभ हुआ है।    समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन बिहार संगीत नाटक अकादमी के सचिव श्री अनिल कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तुत किया गया।

   विभाग से आंतरिक वित्तीय सलाहकार श्री राणा सुजीत कुमार टुनटुन, विशेष कार्य पदाधिकारी सुश्री कहकशाँ, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म कंसल्टेंट श्री अरविंद रंजन दास, खेल विभाग की सहायक     निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी नूपुर झा के साथ ही बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मीगण पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे।

वृक्षारोपण और जल संरक्षण की दिशा में मिलकर प्रयास करने होंगे: मीनाक्षी कुमारी

जोगबनी। 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जोगबनी नगर परिषद में भारत-नेपाल मैत्री पर्यावरण संरक्षण अभियान द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर जोगबनी नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी मीनाक्षी कुमारी ने कहा कि तापमान में वृद्धि होना सबके लिए चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और जल संरक्षण की दिशा में सबको मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा कि जोगबनी नगर परिषद को हरित नगर में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में नगर परिषद के साथ ही मैत्री संस्था के साथ मिलकर 15 अगस्त को बृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है। पर्यावरण दिवस से अब तक सीमावर्ती इलाके में हजारों पौधारोपण किए गए हैं।


भारत-नेपाल मैत्री पर्यावरण संरक्षण अभियान के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सीमावर्ती इलाके में अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों, कॉलेजों, सरकारी निकायों, जनप्रतिनिधियों तथा सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों से अपने परिसर में अधिक से अधिक पौधों का रोपण करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य पार्षद रानी देवी, समिति की सदस्य सुनीता राउत, भाजपा नेता व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव, नगर परिषद के परवेज आलम, पत्रकार नवीन कर्ण, विनीता सिंह, सहित दोनों देश के गणमान्य लोग मौजूद थे।

नेहरु युवा केन्द्र दरभंगा द्वारा "गहन मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान" कार्यक्रम का किया गया आयोजन



दरभंगा। नेहरू युवा केंद्र दरभंगा एवं शोभामणि युवा मंडल लहेरियासराय के संयुक्त तत्वावधान में पायोनियर कोचिंग संस्थान अब्दुल्लाहपुर में "गहन मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेमिनार, पेंटिंग प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण, डोर टू डोर पंजीकरण, पम्पलेट वितरण, साइकिल रैली, दिवाल लेखन आदि कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजीव कुमार चौधरी, कौशल सर तथा देवेंद्र सर ने सभी युवाओं के बीच वोटर लिस्ट में पंजीकरण करने के बारे में जानकारी दी एवं सभी को मतदान के लिये जागरूक किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने मतदाता जागरूकता विषय पर पेंटिंग बनायी। इसमें भाग लेने वाले बच्चों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागियों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक पूजा कुमारी एवं संगीता कुमारी तथा स्पियर हेड सदस्य संजीव कुमार के नेतृत्व में किया गया।



केंद्रीय संचार ब्यूरो गया द्वारा नवादा ज़िला में चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान



नवादा। केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार गया के द्वारा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय नवादा में मतदाता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवादा के उप विकास आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, अर्पणा झा, ज़िला समाज कल्याण पदाधिकारी, संजय कुमार, डीपीआरओ नवादा तथा डॉ विनय कुमार चौधरी, प्राचार्य राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, नवादा ने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का उद्धघाटन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर दीपक मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को निर्वाचन के प्रति जागरूक किया।


उन्होंने जागरूक मतदाता बनने के कई महत्वपूर्ण गुर भी बताए। मौक़े पर संस्थान के प्राचार्य डॉ विनय कुमार चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में मत का अहम योगदान है। अपने मत के अधिकार को जाने और स्वयं के विवेक एवं इच्छाशक्ति से मतदान दिवस के दिन मत का अवश्य प्रयोग करना चाहिए। केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय गया के अधिकारी बुलंद इकबाल ने कहा कि मतदान करना केवल बस आपका अधिकार ही नहीं बल्कि सबकी जिम्मेदारी भी है।

मौक़े पर कॉलेज के छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सभी छात्राओं को वोट देने के लिए जागरूक किया गया। कॉलेज के पीआरओ प्रो शुभेन्दु अमित ने मंच का संचालन किया। जिला समाज कल्याण के अधिकारी अर्पणा झा तथा नवादा के डीपीआरओ संजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूक रैली को रवाना किया। इस अवसर पर सीबीसी के पंजीकृत एकजुट पटना के कलाकारों ने गीत, संगीत तथा नाटक द्वारा उपस्थित लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर डीडी न्यूज़ के नवादा रिपोर्टर श्याम सुन्दर एवं कॉलेज के प्राध्यापकगण एवं कर्मी उपस्थित रहे।

डॉ आसिफ रशिद ने ईद-उल-फितर पर दी पूरे जिले वासियों को शुभकामनाएं व मुबारकबाद, कहा-आपसी सद्भाव से मनाएं ईदुल-फितर

  • ईद पर्व की खरीदारी के मौके पर गरीब, लाचार व बेसहारों का भी रखें ख्याल
  • ईद के दिन खाएं संतुलित ताजा व सुपाच्य भोजन ,अधिक खाने से बरतें संयम
  • तले-भुने हुए भोजन से करें परहेज, बच्चों को जंक फ़ूड, कुडकुड़े, कोल्ड ड्रिंक्स और डब्बे बंद जूस से रखें दूर
  • रोजा बाद अधिक से अधिक हल्का गुनगुना व साफ पानी पीते रहें



अररिया। रहमत बरकत का मुकद्दस माह-ए-रमजान के रोजे मुकम्मल होने वाले हैं- अब ईद आने वाली है। खुशियों का पर्व ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी है। ऐसे में जिले के मशहूर चिकित्सक फिजिशियन डॉ मो आसिफ रशिद ने मालदार लोगों से ईद की खरीदारी के मौके पर आसपास के जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि माहे रमजान में गरीब, लाचार, यतीम, बेसहारा जरूरमंदों की मदद करने पर अल्लाह तबारकतआला बेहतर बदला देता है। अगर आपके आस-पास या रिश्तेदारों में कोई गरीब है तो उसकी मदद पहले जरूर करें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें मदद की दरकार होती है, मगर शर्म होने कारण मांग नहीं सकते, ऐसे लोगों की मदद आप खोज-खोज कर और उन्हें छुप कर जरूर करें। हम सब जरूरतमंदों की मदद करेंगे तो अल्लाह हम सबको जरूरत से ज्यादा नवाजेगा और किसी गरीब बच्चों की मुस्कुराहट आपको भी खुशी देगी। इसलिए आसपास के जरूरतमंद लोगों की दिल खोलकर मदद करें। ताकि उनके घर पर भी ईद की खुशी मिल सके।

उन्होंने पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईद मुहब्बत का पैगाम देता है। ईद यह संदेश देता है कि यह मुल्क गंगा-यमुना तहजीब की व अनेकता में एकता वाला खूबसूरत मुल्क है। हिंदुस्तान हमेशा से मुहब्बत व सांप्रदायिक सौहार्द का गहवारा है, इसे हमसब को बनाए रखना है। मुहब्बत, अमन चैन को आम करना है।

ईद के दिन एकाएक अधिक भोजन करने से करें परहेज
डॉ आसिफ रशिद ने कहा कि ईद के दिन एकाएक अधिक भोजन करने से परहेज करें, चूंकि पूरे एक माह रोजा रखने के बाद अचानक सिस्टम में अधिक बदलाव के कारण अपच की समस्या हो सकती है। इसलिए भोजन करते समय संयमित रहें, जहां तक हो सके, साफ व स्वच्छ पानी पीते रहें। तली-भुनी हुई चीजों से बचते रहे।

गर्मी के दौरान बच्चों में बढ़ जाता है डायरिया व डिहाइड्रेशन का खतरा
जिले में गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगा है। तेज धूप अभी से ही लोगों को सताने लगी है। ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही कई तरह की बीमारियों को न्योता दे सकता है। ऐसे में लोगों को अपनी सेहत के प्रति ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। खास कर छोटे बच्चों के मामले में तो ये और भी जरूरी है। ऐसे मौसम में शिशुओं और छोटे बच्चों को डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। डायरिया के कारण बच्चों में अत्यधिक निर्जलीकरण यानी डिहाइड्रेशन का खतरा होता है। समय पर इसका कुशल प्रबंधन नहीं होने पर ये जानलेवा भी हो सकता है। डायरिया से सम्बंधित लक्षणों के प्रति जागरूक होकर इसके खतरों से आसानी से बचा जा सकता है। डॉ रशिद ने यह भी बताया कि शुगर, बीपी व थायराइड रोगियों को हर एक सप्ताह के अंतराल पर चेक कराते हुए चिकित्सक के संपर्क में रहना चाहिए। कहा कि डायरिया पांच साल से कम उम्र के बच्चों की मौत के सबसे बड़े कारणों में से एक है। शुरुआती लक्षणों के आधार पर आसानी से इसकी पहचान कर इसका कुशल प्रबंधन किया जा सकता है। लगातार पतले दस्त का होना, दस्त के साथ उल्टी, भूख में कमी, दस्त के साथ हल्का बुखार आना, जटिल परिस्थितियों में दस्त के साथ खून आना इसके प्रमुख लक्षणों में से एक है। रोग के शुरुआती दौर में ओआरएस का घोल इलाज में काफी मददगार होता है। इसे घर पर भी बनाया जा सकता है।

डायरिया से बच्चों में बढता है कुपोषण का खतरा
गाछी टोला स्थित पॉलीक्लिनिक हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ एम ए रशिद बताते हैं कि डायरिया से बच्चों में कुपोषण का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इससे बचाव जरूरी है। गर्मियों में बच्चे अक्सर प्यास लगने पर कहीं से भी पानी पी लेते हैं। इससे इंफेक्शन का खतरा होता है। दूषित जल का सेवन, साफ सफाई की कमी इसके मुख्य कारणों में शामिल हैं। इसलिए बच्चों को खाना खिलाने से पहले अच्छी तरह उनका हाथ धोएं, खाना बनाते व परोसते समय सफाई रखें, बच्चों को शौच के बाद साबुन से हाथ धुलने की आदत डायरिया से बचाव के लिहाज से जरूरी है। बच्चे को दस्त की समस्या होने पर किसी दवा से पहले उन्हें पानी की कमी से बचाएं, जीवन रक्षक घोल यानी ओआरएस पिलाएं, घर पर ही नींबू पानी में नमक व चीनी मिलाकर पिलाएं। लस्सी, छाछ, नारियल पानी दे भी दिया जा सकता है। मौसमी राशदार फलों का खूब सेवन करें । ताजा आहार व गर्म गला हुआ नर्म सुपाच्य भोजन करें। हालत में सुधार नहीं होने पर तत्काल अपने नजदीकी अस्पताल से संपर्क करने की सलाह उन्होंने दी।

ईद की तरह वोट देने की भी करें तैयारी
रमजानुल मुबारक के तमाम रोजे मुकम्मल कर लेने के बाद सबसे बड़ी बात हमलोगों के सामने ईद उल फितर की खुशियां मनाने की है। इसके लिए सभी लोग पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं सामने लोकसभा चुनाव भी है। चुनाव में वोट देना सभी का संवैधानिक अधिकार है। इसलिए अभी से अपनी हक अधिकार के लिए पूर्ण रूप से तैयार हो जाएं और इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दें। बूथ का नाम, नंबर, भाग, क्रम संख्या सभों को मालूम होना चाहिए। दो दिन पूर्व अपने संबंधित पोलिंग बूथ केंद्र को जाकर देख लें। सभी घर वार्ड, मुहल्ला में वोटर लिस्ट होना चाहिए। सभी अपना अपना नाम देख कर इत्मीनान हो लें। प्रशासन की तरफ से भी वोटर पर्ची दिया जा रहा है, उसे हासिल कर लें। खुद से भी वोटर पर्ची हासिल कर हर एक फर्द को दस्तयाब अर्थात मुहैय्या कर दें। आपको अपना बूथ नंबर और सीरियल नंबर भी जेहन में महफूज होना चाहिए, ताकी अगर पर्ची न मिल सकें, तो भी आप अपने वोट का प्रयोग कर सकें। पहचान कार्ड, वोटर कार्ड, पेन कार्ड या अन्य इत्यादि कोई भी कार्ड जो वोट देने के अमल को पूरा करने में सहायक हो, साथ रखें। मुनासिब है कि वोटिंग के दिन नमाज फजर के बाद से ही महिलाएं व मर्द अपने अपने बूथ पर पहुंच जायें। अपको वोटिंग में जो भी दुश्वारी या दिक्कत पेश आए, बर्दाश्त करें। चाहे आपको दिन भर भूखा ही रहना पड़े। वोट की अहमियत और ताकत को समझिए। आपका एक वोट देश की तरक्की व निर्माण की खातिर सही रहनुमा का इंतेखाब करने के लिए जरूरी है। जो लोग दूसरे प्रदेश में रह रहे हों, वह भी चुनाव के मौका से जिस तरह ईद मनाने के लिए घर आते हैं, उसी प्रकार वोटिंग से दो दिन पूर्व घर आकर अपने वोट का प्रयोग करें। पोलिंग बूथ पर शत प्रतिशत मतदान को लाजमी बनाना हमारी कौमी मिल्ली फरीजा व तकाजा है। वोट जरूर करें। पहले मतदान-तब जलपान करें।

सशस्त्र सीमा बल, भारत व सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाल के मध्य बगाहा में समन्वय बैठक का हुआ आयोजन

  • बैठक के माध्यम से भारत-नेपाल में मैत्री संबंध को प्रगाढ़ करने के लिए सहमति जताई गई



पटना। सीमांत मुख्यालय के एसएसबी महानिरीक्षक पंकज कुमार दराद की अध्यक्षता में सशस्त्र सीमा बल व सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के मध्य समन्वय बैठक का आयोजन 21वीं वाहिनी स.सी.ब. बगहा के प्रांगण में बुधवार को आयोजित किया गया। इस बैठक के माध्यम से भारत-नेपाल में मैत्री संबंध को प्रगाढ़ करने के लिए सहमति जताई गई। साथ ही आम चुनाव- 2024 के मद्देनजर ज्वाइंट पेट्रोलिंग, शराब तस्करी, सीमा पर अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर, स्वापक पदार्थ की तस्करी पर रोकथाम, वन्य जीव व वन्य उत्पाद और अन्य निषिद्ध वस्तुओं की तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए, मानव तस्करी को रोकने के लिए दोनों देशों के तरफ से रणनीति तैयार करते हुए चर्चा की गई।


सीमा पर अपराधियों को रोकने के लिए आसूचना साझा कर आदान-प्रदान करने तथा कोई भी गिरफ्तार व्यक्ति के संज्ञान में आते ही तुरंत उसकी संयुक्त पूछताछ करने तथा कार्यवाही करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने बताया कि सदियों पुरानी भारत-नेपाल की संस्कृति को और प्रगाढ़ किया जाएगा और आपसी सहयोग व तालमेल बनाए रखेंगे। ताकि सीमा की सुरक्षा सुदृढ़ ढंग से किया जा सके।



बैठक में सशस्त्र सीमा बल की ओर से से पंकज कुमार दराद, उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय मुजफ्फरपुर दीपक कुमार, उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया राजेश टिक्कू, उप महानिरीक्षक क्षेत्रक मुख्यालय बेतिया सुरेश सुब्रमण्यम सहित कुल 17 वाहिनी के कमांडेंट व अन्य अधिकारीगण ने भाग लिया। इस बैठक में सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल की ओर से डीआईजी ब्रिगेड-3 गढ़ीमाई गणेश थाड़ा मगर, चितवन, कालिदास धौबाजी, डीआईजी, ब्रिगेड-4, कास्की, अंजनी कुमार पोखरेल, डीआईजी ब्रिगेड-1, सुनसरी, दीपेन्द्र शाह,डीआईजी, ब्रिगेड-2 महोतरी सहित कुल 23 अन्य अधिकारीगण (एसपी व बटालियन कमांडर) ने भाग लिया।



इस क्रम में 21वीं वाहिनी के प्रांगण में संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें दोनों देशों के प्रतिभागियों के साथ स्थानीय प्रशासन व अन्य सिस्टर एजेंसी ने भाग लिया।

सुपौल : एसएसबी ने लगाया “नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर



वीरपुर । 45वीं बटालियन एसएसबी ने  सीमा चौकी मुंशी पिपराही के क्षेत्र में बुधवार को नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



यह जानकारी देते हुए 45वीं बटालियन के कमान्डेंट गौरव सिंह ने बताया कि एसएसबी अपने सीमा सुरक्षा बंधुत्व के उद्देश्य को सफल बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित रही है एवं इस संदर्भ में 45वीं बटालियन की ओर से पूर्व में भी सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के विकास हेतु  समय- समय पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इस क्रम में बुधवार को नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत 45वीं वाहिनी के द्वारा सीमा चौकी मुंशी पिपराही क्षेत्र के ग्राम मुंशी पिपराही के सामुदायिक भवन में नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर लगाया गया जिससे सीमा पर रहने वाले ग्रामीणों को चिकित्सकीय लाभ मिल सके।


इस कार्यक्रम के अन्तर्गत मुंशी पिपराही एवं क्षेत्र के आस पास के ग्रामीणों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ लीला (सहायक कमांडेंट चिकित्सा) 56वी बटालियन बथनाहा के द्वारा किया गया जिसमें ईलाज के उपरांत मुफ्त दवाइयां भी वितरित की  गई। इस कार्यक्रम के तहत  23  बच्चों एवं 58 महिला सहित कुल 122 लोगों का ईलाज़ किया गया।






मानवाधिकार कार्यक्रम सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में दी गई कई अहम जानकारियां

  • मानवाधिकार के अभाव में हम अपना जीवन व्यतीत नहीं कर सकते : डॉ आरएन भारती

अररिया। किसी भी इंसान की जिंदगी, आजादी, बराबरी और सामानता का अधिकार है मानवाधिकार। मानवाधिकार वह अधिकार है, जो हमारी प्रकृति या स्वभाव में निहित है। इनके अभाव में हम मानव के रूप में अपना जीवन व्यतीत नहीं कर सकते हैं। उक्त बातें बुधवार को भारती सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा ट्रस्ट के शिवपुरी, वार्ड नंबर 09 अररिया स्थित प्रधान कार्यालय में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के संदर्भ में आयोजित प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम में अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक सह अध्यक्ष डॉ राम नारायण भारती ने कही। मंच संयोजन सह प्रशिक्षण प्रभारी का काम ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष राम नारायण विश्वास ने किया।


मौके पर ट्रस्ट के सचिव संजय झा बतौर कार्यक्रम प्रभारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर प्रशिक्षक ट्रस्ट के महासचिव आदिल हुसैन, ट्रस्ट के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रभा भारती, अधिवक्ता उत्पल कुमार, अधिवक्ता मो जमशेद ने अपने वक्तव्य के माध्यम से उपस्थित महिला व पुरुष लोगों को प्रशिक्षित और जागरूक किया। वहीं दूसरे सत्र में ट्रस्ट के संस्थापक सह अध्यक्ष डॉ आरएन भारती ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मानवाधिकार कानून को जाने बिना आप अपने अधिकारों को नहीं पा सकते हैं।
ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रशिक्षण प्रभारी राम नारायण विश्वास ने अपने सम्बोधन में कहा मानवाधिकार आयोग द्वारा बनाए गए कानून एवं संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों से लाभान्वित होने एवं विभिन्न प्रकार के शोषण से मुक्त होने के लिए हमें जागरूक होना होगा, तभी ही हमारा हक मिलेगा।
ट्रस्ट के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा प्रभा भारती ने महिलाओं व बच्चों के अधिकार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण आदि पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं आज किसी से कम नहीं हैं, वे सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं, हमें शिक्षित और जागरूक होने की जरूरत है। सभी प्रशिक्षक ने मानवाधिकार आयोग कानून, महिलाओं, बच्चों, श्रम एवं बाल श्रम कानून आदि के संदर्भ में विस्तार पूर्वक समझाया। कार्यक्रम में सैंकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन चार सत्रों में किया गया। प्रत्येक प्रशिक्षक का सत्र एक घंटा तीस मिनट का रहा, जो सुबह 10:00 बजे प्रारंभ होकर शाम 05:45बजे समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान सभी के लिए चाय, नाश्ता और भोजन का भी प्रबंध ट्रस्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रुणा भारती, बोर्ड सदस्य पुतुल भारती, ट्रस्ट के कला संस्कृति प्रकोष्ठ अररिया के अध्यक्ष गायक शेखर कुमार शशि, वीआईपी जिला अध्यक्ष सह प्राचार्य राजेश बहरदार, मंतलाल मंडल, गयानंद ठाकुर अनिता देवी, किरण देवी, सौरभ भारती, गौरभ भारती,आरती देवी, प्रेमलता कुमारी, हीरा देवी, प्रेमलता देवी, सीमा राय, सौरव कुमार भारती, गौरव कुमार भारती, नीतीश कुमार, मो हसीब के साथ-साथ सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डा आरएन भारती ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

अररिया : महिला दिवस के मौके पर डॉ रूमी भगत व तानिया दास को किया गया सम्मानित



अररिया। मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल की छात्रा डॉ रूमी भगत (वर्तमान में मोहिनी देवी रूंगटा हॉस्पिटल में कार्यरत) एवं तानिया दास (नेशनल नृत्य अवार्ड प्राप्त) को महिला दिवस के अवसर पर अररिया जिला के माननीय न्यायाधीश हर्षित सिंह के द्वारा सम्मानित किया गया और उसके उज्ज्वल भविष्य व उनके बेहतर क्रियाकलाप के लिए उन्हें शुभकामनाए दी। इस मौके पर मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल परिवार उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। स्कूल के निदेशक डॉ संजय प्रधान ने कहा कि उक्त दोनों रत्नों को महिला दिवस पर विशेष रूप से सम्मान देना, उनके जीवन में मानव सेवा करने का और अधिक संचार उत्पन्न होगा। वहीं महिलाओं के सम्मान में इस तरह के कदमों से उनका मनोबल भी बढ़ता है। सम्मान पाने के बाद दोनों महिलाओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिन्होंने मुझे सम्मान दिया हम उनके लिए ह्रदय से आभार प्रकट करती हूं।



अररिया : कृषि कार्यक्रम में किसानों को दी गयी बेहतर खेती की जानकारी



अररिया। कृषि विज्ञान केंद्र अररिया में मौसम अनुकूल कृषि कार्यक्रम के अंतर्गत परिभ्रमण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सिकटी एवं रानीगंज प्रखंड के 100 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अररिया के नगर परिषद अध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा एवं केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नप अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं एवं खुद खेती करता हूं। इसलिए मुझे किसानों का दुख दर्द का भलीभांति अनुभव है। किसानों से बात करते समय खेती के अनुभव को साझा किया एवं खेती से संबंधित कुछ सुझाव भी कृषि विज्ञान केंद्र अररिया को दिए। ताकि किसान लाभान्वित हो सके। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र अररिया किसने की शैक्षणिक क्षेत्र या पाठशाला है, किसान यहां आकर खेती की नई तकनीक सीखते हैं और प्रक्षेत्र में लगे प्रत्यक्षण को देखकर अपनी खेती में तकनीक को अपनाते हैं। इसलिए अधिक से अधिक किसानों को जुड़ने का आह्वान भी किया। प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने पक्की रोड, सार्वजनिक शौचालय एवं अन्य व्यवस्था किसानों के लिए मुहैया कराने का आश्वासन दिया। 


वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ विनोद कुमार ने किसानों को मौसम अनुकूल कृषि कार्य के अंतर्गत लगे प्रत्यक्षण के बारे में विस्तार से चर्चा किया एवं कहा कि यह केंद्र किसानों की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हमेशा साथ है। वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान ने कहा कि केंद्र पर खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण का आयोजन होते रहता है। सभी प्रशिक्षण में भाग लेकर खेती की नवीनतम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।   डॉ कुमार ने मुख्य अतिथि द्वारा सुझाए गए बिंदु पर अमल करने की आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में सिकटी प्रखंड के प्रगतिशील किसान कैलाश कुमार मंडल, रानीगंज प्रखंड के विमल मेहता एवं गोविंद राम ने भी अपना खेती का अनुभव साझा किया। कार्यक्रम में केंद्र के वैज्ञानिक डॉ संजीत कुमार, डॉ अजय कुमार मौर्य, सिंचाई अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ उदय कुमार, डॉ एमके त्रिवेदी, प्रक्षेत्र प्रबंधक मनीष कुमार आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन आफताब आलम ने किया।

नेपाल के प्लाई फैक्ट्री में लगी आग, 9 घंटे बाद भी काबू नहीं


राजेश शर्मा / राज टाइम्स



झापा (नेपाल)। कोसी प्रदेश के झापा जिले में नेपाल के सबसे बड़े प्लाई इंडस्ट्री में लगी आग पर 9 घंटे बीत जाने के बाद भी काबू नही पाया जा सका है। झापा जिले के मेचीनगर-15 जमीरगढ़ी स्थित भगवती लैमिनेट्स प्लाईवुड फैक्ट्री में सोमवार की सुबह करीब 5 बजे आग लग गई।

आग पर काबू पाने के लिए झापा, मोरंग, सुनसरी से दमकल की 10 गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। झापा पुलिस प्रमुख एसपी मिलन केसी ने बताया कि अभी आग पर काबू नही किया जा सका है, उनके मुताबिक इंडस्ट्री के कच्चे माल को ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि तैयार माल को बचा लिया गया है। आग पर काबू पाने के लिए नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस के साथ साथ स्थानीय लोग आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। वही एसपी श्री केसी के अनुसार भारत सरकार से सहयोग अंतर्गत पश्चिम बंगाल से दमकल को आग पर काबू करने के लिए सहयोग स्वरूप मंगवाया जा रहा है।